Khabar times Today

उत्तर प्रदेश की ताज़ा हिंदी खबरें

सफाई कर्मियों ने किया प्रदर्शन,अधिकारियों पर लगाया उत्पीड़न का आरोप

1 min read
सफाई कर्मियों ने किया प्रदर्शन,अधिकारियों पर लगाया उत्पीड़न का आरोप
Spread the love

अयोध्या। उत्तर प्रदेश सफाई मजदूर संघ के तत्वावधान में सैकड़ों सफाई कर्मचारियों ने बुधवार को अपनी मांगों के समर्थन में नगर निगम अधिकारियों पर उत्पीड़न का आरोप लगाते हुए प्रदर्शन किया। वहीं नगर निगम के अधिकारियों ने संगठन के नेताओं से वार्ता कर मामले को शांत कराया। 

बता दें कि नगर निगम में करीब 1100 सफाई कर्मचारी आउटसोर्स पर, 350 कर्मचारी स्थाई और 50 सफाई कर्मचारी संविदा पर कार्यरत हैं। इन सफाई कर्मचारियों का कहना है कि उन लोगों को वेतन कभी समय पर नहीं दिया जाता है। नियम है कि उनसे केवल 7 घंटे ही काम लिया जाए लेकिन प्रतिदिन उनसे 11 से 12 घंटे की ड्यूटी करवाई जा रही है। यही नहीं उनका कहना है कि वेतन तो 26 दिनों का दिया जाता है लेकिन काम पूरे 30 दिन लिया जा रहा है। अलावा नवम्बर का वेतन दिसम्बर की 21 तारीख गुजर जाने के बाद भी नहीं दिया गया। इन्हीं समस्याओं को लेकर सैकड़ों सफाई कर्मचारियों ने बुधवार को नगर निगम कार्यालय परिसर में प्रदर्शन शुरू कर दिया। वहीं प्रदर्शन के बाद नगर निगम के अधिकारी हरकत में आये। अपर नगर आयुक्त अरुण कुमार गुप्ता ने उप्र सफाई मजदूर संघ के पदाधिकारियों को बुलाकर वार्ता की और समस्याओं का शीघ्र निदान कराने के साथ वेतन प्रक्रिया तत्काल प्रारंभ कराने का आश्वासन दिया। इसके बाद सभी सफाई कर्मचारी द्वितीय पाली की ड्यूटी के लिए काम पर चले गए। वार्ता में नगर अध्यक्ष विनय बाघमार, कार्यवाहक नगर अध्यक्ष कन्धई लाल, कार्यवाहक नगर अध्यक्ष मंगल प्रसाद भारती, वरिष्ठ उपाध्याय प्रेम प्रकाश, नगर महामंत्री राकेश कुमार, उपाध्यक्ष विनय कुमार गौतम तथा सहायक नगर आयुक्त अंकिता शुक्ला व विपिन मिश्र के अलावा लेखाधिकारी नरेन्द्र सिंह, जेडएसओ क्षितिज मिश्र, मुख्य सफाई निरीक्षक देवी प्रसाद, सफाई निरीक्षक बृजेन्द्र वर्मा, डोर टू डोर प्रभारी राजेश वर्मा आदि अधिकारी मौजूद रहे।

मोहम्मद आलम

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *